समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर वार्ड संख्या 12 में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव के पलटू राम की पत्नी सीमा कुमारी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही वारिसनगर थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान महिला का शव घर से बरामद किया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। वहीं, महिला का पति पलटू राम मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पलटू राम शराब का आदी था और कई बार मारपीट भी करता था। सोमवार की सुबह सीमा कुमारी का शव घर में पड़ा देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पढ़ें: जमुई में घरेलू विवाद के बाद पति ने गला घोंटकर की पत्नी की हत्या, एक साल के बेटे को लेकर फरार
थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। मृतका के एक 9 वर्षीय पुत्र और 12 वर्षीय पुत्री हैं। माता-पिता के निधन के बाद उसका एकमात्र भाई ही है, जो प्रदेश में रहकर काम करता है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष से आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।