नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में शुक्रवार को हुई करीब दो करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूटकांड के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ अभी तक ठोस सफलता नहीं लगी है। हालांकि, मामले में लगातार कार्रवाई जारी है।
दरभंगा पुलिस के साथ बिहार STF और बेगूसराय पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी करते हुए चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है।
इसी क्रम में सिमरी थाना क्षेत्र के मनिहास गांव, जो NH-27 के पास स्थित है, वहां से पुलिस ने दो संदिग्ध बाइक जब्त की हैं। इनमें एक बाइक पर उत्तर प्रदेश (UP 40 BN 9459) और दूसरी पर मध्य प्रदेश (MP 69 JD 7655) का नंबर अंकित है। मौके से एक हेलमेट भी बरामद हुआ है, जिसे अपराधियों द्वारा छोड़ा गया माना जा रहा है।
पढे़ं: 'आज Gen Z नशे की गिरफ्त में हैं, ये समाज के लिए खतरा', सांसद पप्पू यादव ने कहा- ये चिंता की बात है
पुलिस अब जब्त बाइक के मालिकों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही, घटना स्थल से लेकर अपराधियों के संभावित भागने के रास्ते सिमरा नेहालपुर से फोरलेन तक के दुकानों में लगे CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है। घटना के बाद स्वर्ण व्यवसायियों में काफी आक्रोश है। चेंबर ऑफ कॉमर्स और स्थानीय व्यवसायी लगातार बैठक कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जता रहे हैं। वहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने पीड़ित व्यवसायी से मुलाकात कर भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।