फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दरभंगा: मरीज के परिजन ने पीजी डॉक्टर पर बेल्ट से किया हमला, सिर फोड़ा; विरोध में आधे घंटे ठप रही इमरजेंसी

Thu, 10 Sep 2026 03:43 PM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा

सार

दरभंगा डीएमसीएच में मरीज के परिजन ने ड्यूटी पर तैनात पीजी डॉक्टर डॉ. आशुतोष कुमार पर बेल्ट से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में चोट आई। घटना के विरोध में डॉक्टरों ने करीब आधे घंटे तक इमरजेंसी सेवा ठप रखी।
विज्ञापन
डीएमसीच में लोगों को शांत करवाती पुलिस
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दरभंगा के डीएमसीएच में मरीज का इलाज कराने आए परिजन ने ड्यूटी पर तैनात पीजी डॉक्टर के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि परिजन ने पीजी डॉक्टर डॉ. आशुतोष कुमार पर बेल्ट से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। घटना से आक्रोशित डॉक्टरों ने डीएमसीएच के इमरजेंसी विभाग में मरीजों का इलाज ठप कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही डीएमसीएच अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा, प्रिंसिपल डॉ. यूसी झा सहित भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। इसके बाद करीब आधे घंटे तक बाधित रही इमरजेंसी सेवा दोबारा शुरू हो सकी।

मौके पर पहुंचे सदर डीएसपी शुभेन्द्र कुमार सुमन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीजी डॉक्टर पर मरीज के परिजन ने पीछे आला लगा हुआ देखकर हमला कर दिया। हमले में डॉक्टर के सिर पर चोट आई है। आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसे जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इलाज में लापरवाही को लेकर हुई थी बहस

विज्ञापन

बताया जाता है कि बहेड़ी थाना क्षेत्र के जोरजा गांव निवासी मरीज पलटू लाल देव को इलाज के लिए डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग की डॉ. केके झा यूनिट में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान मरीज के परिजन डॉक्टर से इलाज में लापरवाही को लेकर बहस करने लगे।

इस दौरान पीजी डॉक्टर आशुतोष कुमार अपने विभाग की डॉ. आरके झा यूनिट की ओर जाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान मरीज के परिजन ने पीछे से बेल्ट निकालकर डॉक्टर के सिर पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

डॉक्टरों ने इमरजेंसी सेवा ठप की
डॉक्टर के साथ मारपीट की सूचना पूरे अस्पताल में फैल गई। इसके बाद सभी विभागों के पीजी और जूनियर डॉक्टर इमरजेंसी विभाग में पहुंच गए और न्याय एवं सुरक्षा की मांग को लेकर इमरजेंसी सेवा ठप कर दी। काफी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में इमरजेंसी सेवा दोबारा शुरू कराई जा सकी।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें- बिहार ट्रैफिक चालान एक्सप्लेनर: कैसे-कहां-कितना जमा होगा जुर्माना? लोक अदालत में छूट को समझिए

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

विज्ञापन

सदर डीएसपी शुभेन्द्र कुमार सुमन ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही डीएमसीएच पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है। ड्यूटी करने वाले डॉक्टरों को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया गया है। हमला करने वाले मरीज के परिजन की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें