दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में महज आठ दिन के भीतर दूसरी बार एक जैसी वारदात सामने आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आरोप है कि बदमाशों ने शिक्षक दंपति सुमन कुमार चौधरी के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। जाते समय उन्होंने घर में सो रही एक नाबालिग बच्ची के बाल काट दिए। पुलिस फिलहाल चोरी गए सामान का आकलन कर रही है और एफएसएल टीम के साथ मामले की जांच में जुटी है।
8 दिन पहले भी सामने आया था ऐसा ही मामला
बताया जा रहा है कि इसी गांव में आठ दिन पहले डॉ. पवन कुमार मिश्रा के घर हुई लूट के दौरान बदमाशों ने उनकी बहू को कथित तौर पर नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया था और उसके भी बाल काट दिए थे। इसके बाद लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए थे।
एक जैसी वारदात से गांव में दहशत
लगातार एक सप्ताह के भीतर सामने आई दो समान घटनाओं में कथित तौर पर चोरी या लूट के बाद महिलाओं के बाल काटे जाने की बात सामने आने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। पुलिस के सामने अब दोनों घटनाओं का खुलासा करने के साथ यह पता लगाने की चुनौती है कि क्या इनके पीछे एक ही गिरोह सक्रिय है और बाल काटने के पीछे उनकी मंशा क्या थी।
शिक्षिका ने सुनाई आपबीती
गृहस्वामी शिक्षिका कुमारी भारती ने बताया कि रात करीब तीन बजे उनकी नींद खुली तो घर का सामान बिखरा हुआ था। उनकी बेटी के सिर के बाल भी कटे हुए थे। उन्होंने बताया कि चोरी हुई है, लेकिन कितने सामान की चोरी हुई है, इसका अभी आकलन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि एक सप्ताह पहले हुई घटना में भी पुलिस अब तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है।
नाबालिग ने बताया कैसे हुआ घटनाक्रम
पीड़ित नाबालिग आकांक्षा ने बताया कि वह अपने कमरे में सो रही थी। नींद खुलने पर उसे शरीर में खुजली महसूस हुई। उसने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला है और काले कपड़े पहने एक व्यक्ति सीढ़ियों से छत की ओर जा रहा था। जब उसने मोबाइल ढूंढा तो वह भी गायब था। इसके बाद वह छत पर मौजूद अपने माता-पिता के पास गई, जहां पता चला कि ऊपर के कमरे का सामान भी बिखरा पड़ा है।
यह भी पढ़ें:
राजस्थान ट्रांसफर लिस्ट में बड़ा गड़बड़झाला! एक ही अधिकारी के दो जिलों में तबादले का आदेश
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस, एफएसएल टीम और तकनीकी सेल मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध और वारदात के तरीके की जांच कर रही है।