दरभंगा के सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नगर परिषद के मुख्य पार्षद प्रेम कुमार भगत और उनके साथियों ने एक्स-रे तकनीशियन गौतम कुमार के साथ मारपीट की। घटना के कारण अस्पताल की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, एक्स-रे मशीन बिजली के कम वोल्टेज के कारण सही से काम नहीं कर रही थी, जिससे मरीजों का एक्स-रे में देरी हो रही थी। तकनीशियन ने इस दौरान मरीजों से कुछ समय रुकने का अनुरोध किया। इसी पर मुख्य पार्षद और उनके समर्थकों ने गाली-गलौज के साथ हमला कर दिया। मारपीट में तकनीशियन के दांत टूट गए और उन्हें गंभीर अवस्था में डीएमसीएच रेफर किया गया।
पढे़ं: भाड़े पर गाड़ी लेकर ड्राइवर का अपहरण, घर में बंद कर पिटाई; पुलिस ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार
हमलावरों ने अस्पताल की संपत्ति भी तोड़ी। रजिस्टर फाड़ दिया गया और बरामदे में रखे बेड को पटक दिया गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
पीड़ित तकनीशियन ने बताया कि मशीन की वोल्टेज समस्या के कारण एक्स-रे सही से नहीं हो पा रहा था। उन्होंने कहा कि मुख्य पार्षद और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की और मशीन के साथ भी तोड़फोड़ की। उन्होंने इस घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है।