दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के धनकौल गांव में पारिवारिक विवाद ने दुखद रूप ले लिया। यहां चाची और भतीजी ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिसमें चाची की मौत हो गई, जबकि भतीजी अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, धनकौल गांव में अवधेश की पत्नी ममता देवी और उनके भाई अमरेश सिंह की बेटी के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने गुस्से में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया।
अस्पताल में भर्ती, इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद परिजनों ने दोनों को आनन-फानन में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान चाची ममता देवी की मौत हो गई, जबकि भतीजी का इलाज जारी रहा और अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बेंता थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों का आरोप
मृतका के भाई पप्पू सिंह ने अमरेश सिंह और उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सिमरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। पप्पू सिंह का कहना है कि उनकी बहन की मौत के पीछे अमरेश सिंह और उनकी पत्नी जिम्मेदार हैं।ममता देवी अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई हैं। इस घटना के बाद पूरे परिवार में शोक और कोहराम का माहौल है।
ये भी पढ़ें: विदेश से लौटे नासिर की सड़क हादसे में मौत, बहनोई गंभीर रूप से घायल, बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
पुलिस का बयान
इस मामले में बेंता थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि मृतका का इलाज एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा था और मामले की जांच की जा रही है।