फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: तीन साल पहले हुई थी लव मैरिज, अब विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Thu, 28 May 2026 08:40 PM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा

सार

दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय विवाहिता रौशनी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने डीएमसीएच पहुंचे पति रमन कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया। मृ
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दरभंगा में तीन साल पहले लव मैरिज करने वाली 24 वर्षीय विवाहिता रौशनी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के कुसिआम गांव स्थित उसके ससुराल की है। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने डीएमसीएच पहुंचे पति रमन कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया है।

दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया

मृतका की दो छोटी बेटियां हैं। एक की उम्र करीब दो साल और दूसरी की उम्र एक साल बताई गई है। डीएमसीएच में पोस्टमार्टम के दौरान दोनों बच्चियां अपनी मां को सामने नहीं देख लगातार रो रही थीं। दादी उन्हें गोद में लेकर चुप कराने की कोशिश करती रही, लेकिन बच्चियां शांत नहीं हो रही थीं। अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी यह दृश्य देखकर नम हो गईं।

तीन साल पहले दिल्ली में हुई थी लव मैरिज

मृतका के दादा मंगल तांती और रिश्तेदार कमलेश कुमार दास ने बताया कि रौशनी ने करीब तीन साल पहले दिल्ली में रमन कुमार दास से प्रेम विवाह किया था। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक था और इसी दौरान दोनों को दो बेटियां भी हुईं। परिजनों का आरोप है कि कुछ समय बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल, नकद रुपये, गहने और अन्य सामान की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर रौशनी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

पति, सास-ससुर और ननद पर प्रताड़ना का आरोप

मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति रमन कुमार दास, सास गीता देवी, ससुर कैलु दास, ननद झूना देवी और छोटी ननद कंचन कुमारी मिलकर रौशनी पर दहेज के लिए दबाव बना रहे थे। परिजनों के मुताबिक बुधवार को भी रौशनी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उन्होंने दावा किया कि मृतका के शरीर पर कई चोट के निशान थे और उसकी आंख भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त थी। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया गया

बताया गया कि बुधवार की शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच रौशनी घर में बेहोश पड़ी मिली। इसके बाद उसे इलाज के लिए बहेड़ी पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच रेफर कर दिया।  हालांकि डीएमसीएच इमरजेंसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बेंता थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम कराने आए पति को पुलिस ने पकड़ा

घटना की सूचना मृतका के पति ने ही उसके माता-पिता को फोन पर दी थी। बताया गया कि मृतका के माता-पिता दिल्ली में रहते हैं और सूचना मिलते ही दरभंगा के लिए रवाना हो गए। रौशनी मूल रूप से बहेड़ा थाना क्षेत्र के कोठबन्ना गांव निवासी राम विजय तांती की बेटी थी। इधर मायके पक्ष ने बहेड़ी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बहेड़ी थाना पुलिस ने बेंता थाना को सूचना दी। इसके बाद डीएमसीएच में मौजूद पति रमन कुमार दास को हिरासत में लेकर बहेड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पति की गिरफ्तारी के बाद मृतका की सास दोनों बच्चियों को लेकर अस्पताल परिसर से चली गई।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें: भीषण गर्मी बनी जानलेवा! मजदूरी करते-करते सड़क किनारे गिरे शख्स की मौत, परिजनों ने कही बड़ी बात
विज्ञापन

 

पुलिस क्या कह रही है?

बेंता थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता की सूचना पर पोस्टमार्टम कराने आए रमन कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें