अलीनगर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग ‘मैथिली ठाकुर गो बैक’ के नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
हालांकि, जांच में यह बात सामने आई है कि वायरल वीडियो पुराना है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह वीडियो उस समय का है जब भाजपा ने पहली बार मैथिली ठाकुर को टिकट दिया था। उस वक्त कुछ कार्यकर्ता स्थानीय उम्मीदवार की मांग को लेकर नाराज थे और टिकट घोषणा के बाद विरोध स्वरूप नारेबाजी की थी।
बिरौल प्रखंड के शिवनगर घाट गांव के ग्रामीणों ने बताया कि अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उनका कहना है कि अब सभी कार्यकर्ता मैथिली ठाकुर के साथ हैं और उन्हें बड़े अंतर से जीत दिलाने का संकल्प ले चुके हैं। ग्रामीणों ने कहा कि विरोध की बात अब खत्म हो चुकी है, हम मैथिली ठाकुर को 50 हजार से अधिक मतों से जिताने के लिए पूरी ताकत से जुटे हैं।