दरभंगा में राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन
- फोटो : अमर उजाला
दरभंगा जिले की ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भालपट्टी गांव में शुक्रवार को एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा।
पीएम मोदी की मां पर टिप्पणी को बताया अस्वीकार्य
शाहनवाज हुसैन ने राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के संदर्भ में आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। नरेंद्र मोदी को मां-बहन की गाली सुनवाना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। देश की जनता अपना सब कुछ कुर्बान कर सकती है, लेकिन मोदी जी की मां को गाली देने वाले को बख्शेगी नहीं। जनता चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।
यह भी पढ़ें- Bihar Voter Sir:‘एसआईआर के खिलाफ वोटर अधिकार यात्रा बनी जन आंदोलन की लहर’, बोले दीपांकर भट्टाचार्य
‘फ्लॉप हो रही है राहुल की यात्रा’
पूर्व मंत्री ने दावा किया कि राहुल गांधी की यात्रा पूरी तरह फ्लॉप हो रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता ने इस यात्रा को रिजेक्ट कर दिया है और केवल टिकटधारी नेता ही उनके साथ चल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जनता को प्रभावित करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
राजद को बताया ‘पिछलग्गू पार्टी’
शाहनवाज हुसैन ने राजद पर भी करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राजद को पहले से ही अपनी हार का अंदेशा है। चुनाव से पहले ही वे बहाना खोज रहे हैं। बाद में कहेंगे कि राहुल गांधी या चुनाव आयोग की वजह से हार गए। सच यह है कि राजद पिछलग्गू पार्टी बन चुकी है।
‘तेजस्वी के मुख्यमंत्री बनने का सवाल ही नहीं’
तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के बीच कद का फर्क साफ दिखता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बड़े नेता हैं और तेजस्वी यादव उनके पीछे-पीछे दौड़ रहे हैं। राहुल गांधी को पता है कि तेजस्वी कभी मुख्यमंत्री बनने वाले नहीं हैं, इसलिए वे घोषणा नहीं कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar News: प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने वाला युवक गिरफ्तार, पंचर की दुकान चलाता है वाहन चालक 'राजा'
‘नेताओं को लेनी चाहिए इसकी जिम्मेदारी’
दरभंगा में पीएम मोदी की मां को लेकर अमर्यादित भाषा बोलने वाले शख्स की गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि केवल कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। नेताओं को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। राहुल और तेजस्वी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी।