घाट पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिले में सुबह से ही भक्तिमय माहौल रहा। चारों ओर छठ गीतों की गूंज और पूजा की धूम देखने को मिली। नहाय-खाय और खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाली व्रतियों ने सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय पर्व का समापन किया। कमला बलान नदी के परतापुर घाट पर अर्घ्य देने के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। यहां छठ व्रतियों को चचरी पुल के सहारे नदी पार करनी पड़ती है। इस रास्ते से गुजरने में खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। घाट पर एसडीआरएफ की टीम और गोताखोरों को तैनात किया गया था। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल और निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट की भी नियुक्ति की गई थी, ताकि किसी भी अनहोनी से निपटा जा सके।
कमला पूजा कमेटी के 51 सदस्य भी घाट पर लगातार निगरानी कर रहे थे। कमेटी के अध्यक्ष अवधेश यादव ने बताया कि करीब चार से पांच हजार श्रद्धालु चचरी पुल के रास्ते कमला नदी पार कर परतापुर घाट पहुंचते हैं। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तैनात है। श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। दूर-दूर से लोग इस घाट पर छठ व्रत करने पहुंचते हैं।
झंझारपुर के एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि छठ पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है। रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया था, जबकि सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया। उन्होंने बताया कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं। कमला नदी के तट पर भी पुलिस बल की तैनाती की गई है। अब तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, चचरी पुल से नदी पार कर हजारों लोगों के घाट पहुंचने के कारण सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सतर्कता अहम बनी हुई है।
बिहार में छठ महापर्व संपन्न
- फोटो : अमर उजाला
जिले में भी चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और उल्लास के माहौल में संपन्न हो गया। जिले के विभिन्न छठ घाटों पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी। व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण किया।
कोइलवर स्थित सोन नदी के तट पर सुबह से ही हजारों की संख्या में छठव्रती और श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। अंधेरा छंटने के साथ ही घाटों पर चहल-पहल बढ़ गई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं सिर पर पूजन सामग्री से भरे दउरा और सूप लेकर घाट पहुंचीं। जैसे ही भगवान सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, पूरा घाट छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से गूंज उठा।
व्रतियों ने सोन नदी के पवित्र जल में खड़े होकर दूध, जल, फल और फूलों से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक छठ गीत गाकर छठी मइया और भगवान भास्कर की आराधना की। घाटों पर बज रहे छठ गीतों और श्रद्धालुओं की गहरी आस्था से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। अर्घ्य के साथ ही चार दिनों से चल रहे महापर्व का समापन हो गया।
परिजनों के साथ मुख्यमंत्री ने दिया सूर्य को अर्घ्य
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री की छोटी बहन भावना सिंह और चचेरी भाभी मीना देवी छठ व्रत कर रही थीं। इस दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी कुमारी ममता चौधरी ने भी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। मुख्यमंत्री के घाट पर पहुंचते ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया। लोगों ने जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छठ महापर्व के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर बिहारवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा, विश्वास, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति और भगवान सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश देता है।
असरगंज के तीन छठ घाटों पर भी पहुंचे मुख्यमंत्री
लखनपुर छठ घाट पर अर्घ्य अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री असरगंज नगर पंचायत के जलालाबाद स्थित लाठ पोखर छठ घाट पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने रणगांव मंदिर परिसर स्थित शिवगंगा छठ घाट और धोबई छठ घाट का भी दौरा किया। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उनके आवागमन वाले रास्तों से लेकर सभी छठ घाटों तक पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मुस्तैद रहे।
मंत्री शीला मंडल ने उदीयमान सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य
- फोटो : अमर उजाला
बिहार सरकार की विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री सह फुलपरास विधायक शीला मंडल ने सोमवार सुबह लोक आस्था के महापर्व छठ के चौथे और अंतिम दिन अपने गांव में छठ पूजा की। उन्होंने फुलपरास नगर पंचायत के वार्ड संख्या-15 स्थित गोरगामा बलुआही टोला के भुतही बलान नदी छठ घाट पर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान वह छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के साथ जल में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना करती नजर आईं। सुरक्षा की दृष्टि से उनके बॉडीगार्ड भी पानी में उनके पीछे खड़े रहे।
इस अवसर पर छठ घाट पर भक्तिमय माहौल रहा। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा घाट गूंजता रहा। सुबह से ही बड़ी संख्या में व्रती नदी के पानी में खड़े होकर भगवान सूर्यदेव की उपासना कर रहे थे। मंत्री शीला मंडल ने भी अन्य व्रतियों के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर अपना व्रत पूरा किया।
मंत्री शीला मंडल ने कहा कि लोक आस्था का यह महापर्व चार दिनों तक चलता है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है और चौथे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इसका समापन होता है। हर साल की तरह इस वर्ष भी उन्होंने अपने गांव में छठ पर्व मनाया। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे बिहार के लोगों के लिए सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व सादगी, पवित्रता और समर्पण का संदेश देता है। नहाय-खाय के दिन से ही कार्यकर्ता उनके आवास पर जुट रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने खरना का प्रसाद भी ग्रहण किया और आज सुबह अर्घ्य के बाद ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद ग्रहण करेंगे।