दरभंगा जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के अखतबारा गांव के पास तेज रफ्तार ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस के सहयोग से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों को डीएमसीएच भेजा
मौके पर पहुंची बड़गांव थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। वहीं गंभीर रूप से जख्मी तीन लोगों को डीएमसीएच रेफर किया गया है। बताया जाता है कि ऑटो पर करीब एक दर्जन से अधिक लोग सवार होकर यात्रा कर रहे थे। घटना के बाद मौत की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के बोहरबा गांव निवासी बिंदुल मुखिया और सहरसा जिले के महिसी थाना क्षेत्र के पसवार गांव निवासी 15 वर्षीय गुलशन कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों के परिवारों में मातम छा गया। गुलशन की मां अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था।
कैसे हुआ हादसा?
बताया गया कि गुलशन बाइक पर तीन लोग सवार होकर अपने नाना-नानी से मिलने अखतबारा गांव आया था। हादसा नानी से मिलकर लौटने के दौरान हुआ, जब उसकी बाइक की सीधी टक्कर तेज रफ्तार ऑटो से हो गई। इस हादसे में ओमप्रकाश पोद्दार, बिरजू साह और सोचती कुमारी को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें:
वैशाली के महुआ में फायरिंग से दहशत, वीडियो बनाने को लेकर विवाद के बाद बदमाशों ने बरसाईं गोलियां
पुलिस ने क्या बताया?
इस संबंध में बड़गांव थानाध्यक्ष विनीता कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। वहीं तीन गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। साथ ही दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है।