मधुबनी जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। हत्या, लूट और डकैती जैसी वारदातें आम होती जा रही हैं। इसी कड़ी में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने जोमैटो डिलीवरी बॉय की गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 पर कन्हौली के समीप सामने आई है।
मृतक डिलीवरी बॉय की पहचान मोहन बढ़ियाम निवासी 22 वर्षीय शिवम कुमार उर्फ गोलू कुमार के रूप में की गई है। शिवम का शव एनएच-27 से सटे कन्हौली जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे एक खेत में पॉलिथीन से ढका हुआ बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार और सदर डीएसपी अमित कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत सिर में गोली लगने से हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है और वह आर्म्स एक्ट एवं रोबरी जैसे गंभीर मामलों में पहले जेल जा चुका था।