बिहार कैबिनेट ने दरभंगा के गंगवारा स्थित 100 बेड के अस्पताल भवन में सदर अस्पताल के संचालन को मंजूरी दे दी है। भवन के दाहिने हिस्से में होमी भाभा कैंसर अस्पताल का संचालन जारी रहेगा, जबकि बाएं हिस्से में सदर अस्पताल चलेगा। इससे मरीजों को जिला स्तर पर बेहतर इलाज मिलेगा और डीएमसीएच पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
बिहार सरकार ने दरभंगा जिले के गंगवारा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब यहां 100 शय्या वाले अस्पताल भवन में पूर्व से संचालित कैंसर अस्पताल के आधे हिस्से में सदर अस्पताल भी चलेगा। राज्य मंत्रिपरिषद ने इस प्रस्ताव को अपनी स्वीकृति दे दी है।
विज्ञापन
योजना के अनुसार, अस्पताल भवन के दाहिने हिस्से में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर द्वारा सिर, मुंह एवं गर्दन के कैंसर अस्पताल का संचालन जारी रहेगा। वहीं, बाएं हिस्से में सदर अस्पताल की सेवाएं मरीजों को मिलेंगी। इस 100 शय्या वाले अस्पताल भवन के निर्माण को 20 नवंबर 2019 को प्रशासनिक स्वीकृति मिली थी। बाद में, 8 जनवरी 2024 को मंत्रिपरिषद ने इसे 10 वर्षों के लिए होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र को सौंपने की मंजूरी दी थी।
स्वास्थ्य विभाग और संस्थान के बीच 7 मार्च 2024 को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए थे। अस्पताल के रखरखाव की जिम्मेदारी संस्थान को दी गई है, जबकि भवन का स्वामित्व राज्य सरकार के पास है। जिला स्वास्थ्य समिति, दरभंगा और होमी भाभा कैंसर अस्पताल की संयुक्त बैठक में भवन को दो हिस्सों में बांटने का प्रस्ताव तैयार किया गया। संस्थान ने भी इस विभाजन पर अपनी सहमति प्रदान की है।
विज्ञापन
डीएमसीएच पर कम होगा दबाव
वर्तमान में दरभंगा जिले के गंभीर मरीजों को सीधे दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर किया जाता है। इससे डीएमसीएच पर मरीजों का अतिरिक्त दबाव पड़ता है। गंगवारा में सदर अस्पताल के संचालन से जिला स्तर पर द्वितीयक चिकित्सा सेवाएं मजबूत होंगी। मरीजों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक उपचार उपलब्ध होगा। इससे डीएमसीएच में अनावश्यक रेफरल को कम करने में मदद मिलेगी।
कितना आएगा संचालन पर अनुमानित खर्च?
सदर अस्पताल के संचालन पर वित्तीय वर्ष 2026-27 में 2 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अस्पताल में निर्धारित मानकों के अनुरूप चिकित्सकों, पारामेडिकल एवं अन्य कर्मियों के पदों का सृजन और पदस्थापन किया जाएगा। तब तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रतिनियुक्त कर्मियों के माध्यम से अस्पताल का संचालन किया जाएगा।