बिहार सीएम नीतिश कुमार ने जनता परिवार के विलय पर कबीर का दोहा सुनाकर मीडिया के सवालों पर विराम लगा दिया। सोमवार को जनता दरबार में मुख्यमंत्री नीतिश कुमार का अंदाज कुछ बदला सा नजर आया। जनता दरबार के बाद सीएम पत्रकारों से मुखतिब हुए।
जनता परिवार के विलय को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब नीतिश ने कबीर का दोहा सुनाकर चुटीले अंदाज में दिया। जनता परिवार के विलय और उसके आगे की रणनीति पर पूछे गए सवाल पर सीएम नीतिश ने कबीर के दोहे 'धीरे-धीरे रे मना, धीरे सब कुछ होय, माली सींचे सौ घड़ा, ऋतु आए फल होए' सुनाया।
कहा कि आप चाहे कितनी भी कोशिशें कर लें फल तो तभी पकेगा जब उसके लिए अनुकूल समय और मौसम आऐगा। नीतिश ने कहा कि जब विलय हुआ है तो महाविलय भी हो जाएगा, लेकिन अभी महाविलय का समय नहीं आया है। धीरे-धीरे सब कुछ हो जाएगा। महाविलय को लेकर सभी दलों से वार्ता का दौर जारी है। वहीं उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विलय की चिंता मीडिया नहीं बल्कि भाजपा को करनी चाहिए।