बिहार की सारण लोकसभा सीट से महागठबंधन के प्रत्याशी चंद्रिका राय चुनावी मैदान में हैं। वह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुखिया लालू प्रसाद यादव के समधी हैं। राय का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार राजीव प्रताप रुडी से है। राय लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव के ससुर हैं।
राजद ने सारण से जब चंद्रिका राय को टिकट दिया था तभी तेजप्रताप और उनके भाई तेजस्वी यादव के बीच मतभेद देखने को मिले थे। अपने ससुर को लोकसभा टिकट मिलने से तेजप्रताप नाराज हो गए थे और उन्होंने कहा था कि यदि पार्टी से राय को टिकट मिलता है तो वह उनके खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगे।
इसके अलावा तेजप्रताप ने अपनी मां राबड़ी देवी को सारण सीट से चुनाव लड़ने के लिए कहा था। सारण में पांचवे चरण में मतदान होने हैं लेकिन अबतक तेजप्रताप ने अपने ससुर के खिलाफ चुनाव प्रचार नहीं किया है। अपने दामाद के बयान पर राय का कहना है कि उन्होंने जिस दिन बयान दिया था उस दिए एक अप्रैल था। आप समझ सकते हैं कि वह दिन कौन सा था।
राय का कहना है कि लोगों को समझ लेना चाहिए कि तेजप्रताप ने लोगों को बेवकूफ बनाया था। अपनी बेटी के रिश्ते पर चंद्रिका राय ने कहा कि दुनिया उम्मीद पर कायम है। हमें उम्मीद है कि जल्द दोनों के बीच रिश्ते सुधर जाएंगे। पिछले साल मई में तेजप्रताप और ऐश्वर्या राय की शादी हुई थी।
शादी के छह महीने से पहले ही पत्नी ऐश्वर्या से तलाक लेने के लिए तेजप्रताप कोर्ट पहुंच गए थे। अदालत में मामला दर्ज करवाकर उन्होंने ऐश्वर्या पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि ऐश्वर्या अपने पिता के लिए लोकसभा टिकट चाहती थीं जिसके कारण हमारे रिश्ते बिगड़े। आरोप के बावजबूद लालू ने अपने समधी को टिकट दिया है।