भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने सीएम नीतीश पर कसा तंज
- फोटो : सोशल मीडिया
बिहार के सीतामढ़ी में पुलिसकर्मी द्वारा महिला को लाठी से पीटने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर भाजपा ने नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। दरअसल, भाजपा के फायर ब्रिगेड नेता सांसद गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर पुलिसकर्मी द्वारा महिला को पीटे जाने का वीडियो साझा किया है। साथ ही गिरिराज ने तंज कर लिखा कि यह नीतीश कुमार जी का महिलाओं का सम्मान करने का तरीका है।
दरअसल, 31 दिसंबर 2023 को जिले के
सुरसंड थानाध्यक्ष राज किशोर सिंह द्वारा सरेआम एक महिला पर लाठीचार्ज करने का वीडियो सामने आया था, जो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के मुताबिक, सड़क पर भीड़ दिख रही है और इस बीच एक महिला कुछ बोल रही थी। उसी समय उक्त पुलिसकर्मी द्वारा हाथ में डंडा लेकर तड़ातड़ महिला पर बरसा दिया जाता है।
यह मामला तब सामने आया, जब उक्त वीडियो किसी के द्वारा बनाने के बाद सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया। वीडियो के बारे में तहकीकात की गई तो पता चला कि उक्त मामला सुरसंड थानाक्षेत्र का है। जहां सुरसंड थाना प्रभारी द्वारा उक्त घटना को अंजाम दिया गया है। यह मामला तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसपी मनोज कुमार तिवारी ने पुपरी डीएसपी विनोद कुमार को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। हालांकि, मामला संज्ञान में आने के बावजूद डीएसपी के द्वारा अब तक जांच रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है। न ही उक्त पुलिसकर्मी पर कोई कार्रवाई की गई है।