परीक्षा केंद्र का गेट बंद होने के बाद बाहर खड़े परीक्षार्थी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेगूसराय में केंद्रीय चयन परिषद पटना द्वारा रविवार को मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया है। विभिन्न जिलों से आए परीक्षार्थी बीपी स्कूल सेंटर पर नौ बजे के बाद बाद पहुंचे। इस दौरान परीक्षार्थियों को परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं दिए जाने पर उन्होंने जमकर हंगामा मचाया।
परीक्षार्थियों का कहना है कि वह सुबह नौ बजे से ही सेंटर पर मौजूद थे। लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं करने नहीं दिया गया। दूसरे परीक्षा केंद्रों पर 9:30 बजे तक परीक्षार्थियों के प्रवेश कराया गया है। ऐसे में बीपी स्कूल सेंटर पर परीक्षार्थियों को परीक्षा सेंटर पर प्रवेश नहीं कराने से उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। परीक्षार्थियों का कहना है कि वह दूरदराज से परीक्षा देने के लिए आए थे। परीक्षार्थियों ने बताया कि सैकड़ों की संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र से रोकर वापस हो गए हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस परीक्षार्थियों के हंगामा के बीच मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद परीक्षार्थियों को समझाने का कोशिश की। लेकिन परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर डटे रहे।
केंद्रीय चयन परिषद पटना द्वारा मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग में सिपाही पद के लिए इस परीक्षा का आयोजन किया गया है। इसके लिए जिले में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा के प्रवेश के लिए निर्धारित रिर्पोटिंग टाइम आठ से नौ बजे के बीच का था। इसके बाद परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे परीक्षार्थियों को किसी भी कीमत पर प्रवेश नहीं करने की इजाजत प्रशासन के द्वारा दी गई थी। इसी के मद्देनजर नौ बजे के बाद परीक्षा केंद्र पर पहुंचे परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं करने पर परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया।