बिहार के समस्तीपुर जिले में बुधवार को एक कैंसर पीड़ित शख्स का गला रेता हुआ शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी से तंग आकर उसने खुद ही यह कदम उठा लिया है। यह घटना विभूतिपुर थाना क्षेत्र के आलमपुर कोदरिया वार्ड एक मोहल्ले की है। युवक की पहचान गांव निवासी मोहम्मद शहीद (35) के रूप में की गई है। युवक कई सालों से कैंसर रोग से पीड़ित था। घटना की सूचना पर विभूतिपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है।
मृतक मोहम्मद शहीद
जानकारी के मुताबिक, युवक मोहम्मद शहीद बीमार होने के बाद अपने मुख्य घर से अलग एक कमरे में रहता था। उसकी पत्नी इशरत बेगम बच्चों को लेकर दो महीने पहले मायके चली गई थी। कैंसर रोग के कारण युवक के शरीर से काफी बदबू आ रही थी। इस वजह से परिवार के लोग भी अलग-थलग रहने लगे थे। इन दिनों वह अकेला ही रह रहा था।
बुधवार को काफी देर तक जब मोहम्मद शहीद का कमरा नहीं खुला तो दिन के करीब 12 बजे उसकी मां उसके कमरे पर पहुंची। कोई हलचल नहीं होने पर दरवाजे को खोला तो देखा मोहम्मद शहीद का गला रेता हुआ है और उसकी मौत हो चुकी है। हल्ला होने पर आसपास के लोग जुटे तो मामले की जानकारी पुलिस को दी।
विभूतिपुर थाना अध्यक्ष संदीप पाल ने बताया कि मामले की जानकारी पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। संभव है कि युवक ने कैंसर बीमारी से तंग होकर खुद ही गला रेत लिया होगा। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। लेकिन घाव देखने से लगता है कि यह खुद से किया गया संभव नहीं है।
परिवार के लोग भी मान रहे हैं कि युवक ने खुद ही अपना गला रेत लिया होगा, क्योंकि वह बीमारी के कारण काफी परेशान था। लोगों ने बताया कि मोहम्मद शहीद ध्रूमपान करने का आदी था। इस कारण उसे कैंसर रोग ने जकड़ लिया था। बदबू आने के कारण परिवार के लोगों साथ-साथ गांव वाले भी उससे दूर रहने लगे थे।