शानदार जीत के बाद महागठबंधन के अंदर सरकार में हिस्सेदारी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि छठ के बाद नई सरकार का गठन होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस संदर्भ में जल्द ही सहयोगियों से चर्चा करेंगे। नई सरकार में उप-मुख्यमंत्री को लेकर अभी ऊहापोह है, लेकिन इतना तय माना जा रहा है कि नीतीश कैबिनेट में राजद का रुतबा संभवत: भाजपा जैसा ही होगा।
राजद से कौन-कौन मंत्री होंगे, इस पर चर्चा शुरू हो गई है। अब्दुलबारी सिद्दीकी, भोला यादव, रामानंद यादव को मंत्री पद मिलना तय माना जा रहा है, जबकि सुरेंद्र यादव, विजय प्रकाश और समीर महासेठ के लिए बेहतर संभावनाएं दिख रही हैं।
लालू परिवार के एक सदस्य को कैबिनेट में लेने की बात हो रही है, लेकिन इस बात को लेकर मंथन जारी है कि वो लालू की बेटी होगी या फिर उनका बड़ा बेटा होगा।
तेज प्रताप ने जहां सोमवार को कहा कि वह कोई भी जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि अभी उनकेे दोनों बेटों को विधायी कामकाज सीखना है। उपमुख्यमंत्री के सवाल पर तेजस्वी बोले कि यह पार्टी को तय करना है।