युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के नालंदा में सोमवार की सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मामला बिहारशरीफ के सोहसराय थाना क्षेत्र के सोहडीह मोहल्ले का है। मृतक की पहचान मानपुर थाना क्षेत्र के मजीदपुर इटौरा गांव निवासी दिवंगत विलास पासवान के बेटे अनूप कुमार (28) के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद डायल 112 की गाड़ी घायल युवक को लेकर बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने शव को बिना पोस्टमार्टम कराए अपने साथ लेकर सड़क जाम करने घटनास्थल 17 नंबर के पास पहुंच गए। जहां शव को सड़क पर रखकर मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने के बाद सदर बीडीओ अंजन दत्ता और सोहसराय थानाध्यक्ष राजमणि मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को मुआवजे का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
बस के नीचे दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल
मृतक अनूप कुमार के भाई कुणाल पासवान ने बताया कि अनूप अपनी पत्नी को लाने के लिए सोमवार की सुबह नूरसराय थाना क्षेत्र के मेयार गांव मौसी के घर जा रहा था। तभी सोहसराय थाना क्षेत्र के सोहडीह के पास अनियंत्रित बस ने टक्कर मार दी। इस कारण अनूप बाइक के साथ बस के पहिए में फंस गया। बस उसे अपने साथ 500 मीटर तक घसीटते हुए ले कर चली गई, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। डायल 112 की गाड़ी ने उसे बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सड़क हादसे में मौत की सूचना अनूप के परिजनों को दी गई। इसके बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे जहां शव को देख चीख-पुकार मच गई।
सदर बीडीओ अंजन दत्ता ने बताया कि तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि अनूप कुमार मजदूरी का काम करता था। इसलिए श्रम संसाधन विभाग से भी एक लाख रुपये की मुआवजा राशि दी जाएगी। वहीं, आपदा के तहत सड़क दुर्घटना में मौत होने पर भी मुआवजे का प्रावधान है।
सोहसराय थानाध्यक्ष राजमणि ने बताया कि बस को जब्त कर लिया गया है। वहीं, घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया है। गाड़ी नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।