युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के नालंदा के हिलसा थाना क्षेत्र में लहरा डाक के पास बुधवार को एक बस ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। इस घटना में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरा युवक इलाजरत है। मृतक की पहचान हिलसा बाजार निवासी जवाहर प्रसाद के विवेक कुमार (25) उर्फ मोना के रूप में की गई है। जबकि घायल युवक उसका दोस्त हिलसा बाजार के काजी मोहल्ला निवासी पंकज कुमार है।
मृतक विवेक कुमार की फाइल फोटो
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बाइक से दोस्त की बहन के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए कल्याण बीघा जा रहे थे। इसी बीच हिलसा-थरथरी मुख्य मार्ग के लहरा डाक के पास सामने से आ रही बस ने रौंद दिया। इस घटना में विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पंकज की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। वहीं, मौत की सूचना जैसे ही विवेक कुमार के घर वालों को मिली, परिजनों की चीत्कार गांव में गूंजने लगी।
हिलसा थानाध्यक्ष गुलाम सरवर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। बस को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया गया है। गंभीर रूप से घायल एक युवक को इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।