मैट्रिक और इंटर के टॉपर्स को मिला सम्मान।
- फोटो : सोशल मीडिया।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में टॉप करने वालों को अवार्ड दिया गया है। बिहार बोर्ड ने टॉप 10 छात्रों को 10 हजार रुपये लेकर एक लाख रुपये तक कैश दिए। साथ ही एक लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र और मेडल भी प्रदान किया। मेधा दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग के मंत्री सुनील कुमार और बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने इन बच्चों को पुरस्कार दिया। साथ ही इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2024 के उत्कृष्ट संचालन में सर्वश्रेष्ठ योगदान देने वाले भोजपुर, पूर्वी चम्पारण, दरभंगा, गया, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, नालंदा, पटना, पूर्णिया और वैशाली के जिला पदाधिकारियों एवं जिला शिक्षा पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
कैश के अलावा लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र और मेडल भी मिले
बिहार बोर्ड की ओर से कहा गया कि मैट्रिक में प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाले 51 विद्यार्थी थे। इटर के तीनों सकाय (वाणिज्य, कला एवं विज्ञान) में प्रथम पांच स्थान प्राप्त किए हुए 24 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। समिति द्वारा मैट्रिक एवं इन्टरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, 2024 में प्रथम स्थान प्राप्त किए हुए विद्यार्थी को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त किए हुए विद्यार्थी को 75 हजार रूपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त किए हुए विद्यार्थी को 50 हजार रुपये प्रदान किया गया। मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2024 में चतुर्थ स्थान से दशम तक स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये तथा इन्टरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2024 में चतुर्थ एवं पंचम स्थान प्राप्त किये हुए विद्यार्थी को 15 हजार रुपये दिया गया। साथ ही मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट के सभी पुरस्कृत विद्यार्थियों को एक-एक लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र तथा मेडल प्रदान किया गया।
टॉपर को सम्मानित करते मंत्री सुनील कुमार और बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर।
- फोटो : सोशल मीडिया।
मंत्री बोले- टॉपर अपनी प्रतिमा को आगे भी कायम रखेंगे
मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि पुरस्कृत सभी विद्यार्थियों, उनके शिक्षकों एवं अभिभावकों के लिए आज गर्व का दिन है। सभी टॉपर विद्यार्थी अपनी प्रतिमा को आगे भी कायम रखेंगे। मंत्री ने इस अवसर पर बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किये गये कार्यों की विस्तारपूर्वक चर्चा की। साथ ही उन्होंने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति में किये गये गुणात्मक सुधारों के लिए समिति को बधाई दिया।
टॉपर को सम्मानित करते मंत्री सुनील कुमार और बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर।
- फोटो : सोशल मीडिया।
कठिन परिश्रम एवं प्रतिमा के बल पर यह उपलब्धि मिली
वहीं बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा कि मेधा दिवस के अवसर पर इंटर एवं मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2024 के मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत कठिन परिश्रम एवं प्रतिमा के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। अध्यक्ष ने कहा कि समिति में किये जा रहे गुणात्मक सुधारों के क्रम में विगत एक वर्ष में कई नये आयाम स्थापित्त किये गये हैं और ऐसे कई कार्य किये जा रहे हैं जिससे कि न सिर्फ राज्य की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में काफी अधिक गुणात्मक सुधार हुआ है। बल्कि आने वाले समय में परीक्षाओं के मद्देनजर ऐसे कई प्रयोग किये जा रहे है जो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार की परीक्षाओं के लिए कीर्तिमान साबित होगे।