BPSC Judicial Services PT Exam: बिहार लोक सेवा आयोग ने 33वीं न्यायिक सेवा प्रतियोगिता की प्रारंभिक परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। सुप्रीम कोर्ट में लंबित रिट याचिका और 22 मई 2026 के पारित अंतरिम आदेश के आलोक में बीपीएससी ने यह फैसला लिया है। आयोग ने अभ्यर्थियों को आगे की सूचना का इंतजार करने को कहा है।
न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए काम की खबर है। सोमवार शाम को बिहार लोक सेवा आयोग ने 33वीं बिहार न्यायिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बीपीएससी के अनुसार, तीन जून 2026 को आयोजित होने वाली प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। आयोग ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में दायर रिट पिटीशन (सिविल) संख्या 1110/2025 पर 22 मई 2026 को पारित अंतरिम आदेश के आलोक में यह निर्णय लिया गया है। इसी कारण परीक्षा आयोजन पर फिलहाल रोक लगाई गई है। परीक्षा की नई तिथि और आगे की प्रक्रिया को लेकर अलग से अधिसूचना जारी की जाएगी। परीक्षा स्थगित होने की खबर के बाद अभ्यर्थियों में निराशा है, क्योंकि परीक्षा की तैयारी अंतिम चरण में थी।
विज्ञापन
बीपीएससी ने तीन जून को परीक्षा लेने की घोषणा की थी। यह परीक्षा एक ही दिन दो पालियों में होने वाली थी। सुबह की पाली का समय सुबह 10 बजे से 11.30 बजे तक था। इसमें सामान्य अध्ययन की परीक्षा होगी। वहीं, दूसरी पाली का समय दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित किया गया था, जिसमें विधि की परीक्षा का शेड्यूल जारी किया गया था।
173 पदों पर होनी है भर्ती
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 33वीं बिहार न्यायिक सेवा प्रतियोगी परीक्षा के तहत सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के 173 पदों पर भर्ती निकाली है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 फरवरी 2026 से शुरू होकर 18 मार्च तक चली, जिसे बाद में 30 अप्रैल, 2026 तक विस्तारित कर दिया गया था।