मुंगेर के सफियासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्वोदय टोला फरदा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मिट्टी धंसने से दबकर एक 15 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी नीरज मंडल के पुत्र आदर्श कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर में चल रहा था निर्माण कार्य
घटना के संबंध में परिजन बुलबुल मंडल ने बताया कि घर में निर्माण कार्य चल रहा था। नींव डालने के लिए एक गड्ढा खोदा गया था। इसी दौरान आदर्श वहां खड़ा होकर कार्य देख रहा था। अचानक गड्ढे की मिट्टी धंस गई और वह उसमें दब गया।
मिट्टी धंसते ही मची अफरा-तफरी
घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन व ग्रामीण दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बालक को बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल मुंगेर ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि आदर्श दो भाई और दो बहनों में शामिल था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है और लोगों की आंखें नम हैं।
ये भी पढ़ें:
सीवान में दर्दनाक हादसा; दोस्त को बचाने गया मासूम खुद डूबा, पोखरे में दो बच्चों की मौत से गांव में मातम
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सफियासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।