एनडीए के प्रमुख सहयोगी घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 12 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की। इस सूची में पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के भाई और भतीजे का भी नाम शामिल है।
पासवान के भाई और लोजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस को अलौली सुरक्षित सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
वहीं, लोजपा प्रमुख के भाई एवं लोकसभा सदस्य रामचंद्र पासवान के पुत्र प्रिंस राज कल्याणपुर सुरक्षित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से किस्मत आजमाएंगे। उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और पासवान के बेटे चिराग पासवान ने कहा कि सीट बंटवारे के तहत लोजपा को 40 सीटें मिली हैं। इनमें से 29 पर भाजपा और एनडीए के अन्य सहयोगी दलों के
साथ आम सहमति है जबकि 11 सीटों के लिए बातचीत चल रही है।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में चुनाव होगा।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एनडीए में सीटों के बंटवारे की जो घोषणा की है उसके मुताबिक भाजपा 160 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि उसकी सहयोगी लोजपा 40 पर, जीतन राम मांझी की ‘हम’ 20 पर और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी 23 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।