बिहार में महागठबंधन सरकार बनने के बाद से आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा, आरजेडी और जेडीयू नेताओं के बीच जुबानी जंग भी शुरू हो गई है। इस गरमाई सियासत में सबसे अधिक कोई सक्रिय नेता है वह हैं भाजपा के राज्यसभा सांसद और बिहार के पू्र्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी। सुशील कुमार मोदी अब पहले की तरह एक्टिव हो गए हैं और लालू परिवार पर जमकर हमला बोल रहे हैं। ताजा मामला है जमीन घोटाले को लेकर जिसमें आरजेडी नेता और भूतत्व मंत्री रामानंद यादव ने सुशील मोदी पर जमीन कब्जा करने का आरोप लगा उनकी संपत्ति जांच करने की बात कही थी। वहीं अब इस आरोप पर सुशील मोदी ने पलटवार किया है।
आरोप साबित कर दें आरजेडी नेता तो मैं अपनी संपत्ति लालू को गिफ्ट कर दूंगा: सुशील मोदी
सुशील मोदी ने कहा कि राजद के बाहुबली मंत्री प्रमाणित कर दें की पटना का खेतान मार्केट या लोदीपुर मॉल का मेरे परिवार से सम्बन्ध है तो मैं लालू परिवार को दान कर दूंगा। ऐसे लोग माफी मांगे नहीं तो मानहानि का मुकदमा करूंगा। सुशील मोदी ने कहा कि खेतान मार्केट 1995 में तैयार हुआ और तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने ही चर्च की कीमती जमीन पर कब्जा कर मार्केट बनाने वालों का साथ दिया था। उन्होंने कहा कि वे पहली बार 2005 में मंत्री बने, जबकि खेतान मार्केट 10 साल पहले बन चुका था।
भाजपा के तथ्यपरक आरोपों से राजद के लोग घबराए हुए: सुशील मोदी
उन्होंने कहा कि भाजपा के तथ्यपरक आरोपों से राजद के लोग घबराए हुए हैं। हमारे आरोप अदालत और जांच एजेंसियों की कसौटी पर सही पाए गए, इसलिए लालू प्रसाद चारा घोटाले के सभी पांच मामलों में दोषी पाए गए और सजायाफ्ता हैं। हमारे आरोप तथ्यों पर आधारित थे, इसलिए महागठबंधन की पहली सरकार 17 महीने में गिर गई और तेजस्वी प्रसाद यादव आज तक उन आरोपों का बिंदुवार जवाब नहीं दे पाए।
यहां देखें वीडियो क्या कहा सुशील मोदी ने...
चावल घोटाले के आरोपी को मंत्री पद से हटाएं नीतीश : सुशील मोदी
बिहार में चावल घोटाला के आरोप में घिरे कृषि मंत्री सुधाकर सिंह की बर्खास्तगी की मांग करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि जिस मंत्री पर राज्य सरकार का 12 करोड़ रुपये बकाया है उसे मंत्री बनाए रखना उचित नहीं है।
मोदी ने कहा, राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र एवं राज्य के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह पर बिहार सरकार ने 5.31 करोड़ रुपये गबन के आरोप लगाए थे। इस मामले में सुधाकर सिंह को लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा था। बाद में उनको 60 लाख रुपये जमा करने पर जमानत मिली। मोदी ने कहा कि अब जब सुधाकर सिंह महागठबंधन की सरकार में मंत्री हैं तो कह रहे हैं कि नीतीश सरकार की नीति गलत थी और उसे वह बदलवाएंगे। ऐसे में यह संभव है कि लालू प्रसाद एवं जगदानंद सिंह के दबाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीति बदल कर सुधाकर सिंह को राहत दे दें।