सड़क जाम कर विरोध जताते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मधेपुरा के सदर थाना क्षेत्र के सुखासन वार्ड-2 में सड़क दुर्घटना में घायल हुई महिला की मंगलवार की रात मौत हो गई। मृतका की पहचान सुखासन वार्ड दो निवासी नीरो कामती की पत्नी उमा देवी (55) के रूप में हुई है। मृतका के बेटे रतन कुमार कामती ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे उनकी मां उमा देवी मधेपुरा-पतरघट मुख्य मार्ग को पार कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और बाइक लेकर मधेपुरा की ओर भाग गया। इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं थी।
रतन कुमार ने बताया कि उसके बाद आसपास के लोगों की मदद से परिजनों ने उन्हें मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने उन्हें जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन और अन्य जांच के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज से पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही मंगलवार की रात करीब दो बजे उनकी मौत हो गई।
शव गांव पहुंचते ही लोगों ने जाम की सड़क
जानकारी के मुताबिक, बुधवार की सुबह मृतका का शव एम्बुलेंस से गांव पहुंचा। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने मृतका के शव को मधेपुरा-पतरघट मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया। लोगों की मांग थी कि परिजनों को मुआवजा राशि दी जाए और बाइक चालक की पहचान कर उस पर कार्रवाई की जाए। लगभग दो घंटे तक सड़क जाम रहा, जिसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना पर पहुंची सदर थाने की पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खत्म करवाया।
सदर थाना अध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर जाम खत्म करवा दिया गया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। परिजनों ने अभी आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने पर जांच-पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।