सीवान में यूको बैंक के मैनेजर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के नवानगर निवासी कमलकांत चौधरी के पुत्र राजू चौधरी (45) बताए जाते हैं।
कलेक्शन के लिए जा रहे थे
घटना के संबंध में बैंक के कर्मियों ने बताया कि राजू चौधरी बैंक के लोन कलेक्शन के लिए अपने बाइक से गोरिया कोठी थाना क्षेत्र गए थे। तभी सिसई गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें पीछे से ठोकर मारते हुए उन्हें कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना होते ही आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने उन्हें सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बैंक मैनेजर राजू चौधरी के मौत की खबर सुनते ही बैंक कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। इस घटना से हर कोई क्षुब्ध था।
छोटे भाई हैं मशरख थाना के थानाध्यक्ष
यूको बैंक के मैनेजर राजू चौधरी के छोटे भाई राजेश चौधरी मशरख थाना के थानाध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह आननफानन में सीवान सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि मैं ड्यूटी में था, तभी मुझे फोन पर यह जानकारी मिली कि आपके बड़े भाई बैंक मैनेजर राजू चौधरी की सड़क हादसे में मौत हो गई है। जानकारी मिलते ही मैं अस्पताल पहुंचा हूं। परिवार के लोग भी पीछे से आ रहे हैं।
क्या कहती है पुलिस
यूको बैंक मैनेजर राजू चौधरी की सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि भागते हुए ट्रक ने आगे भी एक शख्स को ठोकर मारते हुए फरार हो गया। उस घायल व्यक्ति को परिजन इलाज कराने छपरा ले गये। पुलिस के अनुसार वहां आसपास के सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है जिससे ट्रक की पहचान हो सके। फिलहाल पुलिस शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कर रही है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।