छात्र नेता दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
- फोटो : अमर उजाला
इधर, शिक्षक अभ्यर्थियों ने कहा कि आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप कुमार, शाहबाज और बाकी दो अभ्यर्थी को गांधी मैदान थाना में रात भर रखा गया। उनके साथ मारपीट की गई। अब गर्दनीबाग हॉस्पिटल ले गए हैं। इसके बाद जेल भेजने की तैयारी चल रही है। शिक्षक अभ्यर्थियों का कहना है कि TRE 4 के लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। पिछले एक वर्ष से शिक्षा मंत्री द्वारा लगातार यह कहा जा रहा है कि 10-15 दिनों में वैकेंसी आ जाएगी, जबकि चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान भी TRE 4 का विज्ञापन जल्द जारी करने का आश्वासन दिया गया था। बीपीएससी अधियाचना मिलने के बावजूद विज्ञापन जारी नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग और बीपीएससी द्वारा लाखों अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया जा रहा है।
जानिए शुक्रवार को क्या हुआ था?
पटना में TRE 4 के विज्ञापन जारी करने और बीपीएससी नियमावली में बदलाव की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई हुई है। पटना कॉलेज से निकाला गया विरोध मार्च जब जेपी गोलंबर पहुंचा, तो वहां बड़ी संख्या में जुटे हजारों अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। इसी दौरान प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए। छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में हो रहे इस आंदोलन में अभ्यर्थी लगातार परीक्षा प्रक्रिया में देरी का विरोध कर रहे थे और जल्द विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे थे।