बिहार के टॉपर घोटाले में रोज एक के बाद एक नए खुलासे हो रहे हैं तो एसआईटी भी ताबड़तोड़ दबिश देने में लगी हुई है। मामले में अभी तक दो टॉपर्स सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है तो नोटिस मिलने के बाद बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष ने भी इस्तीफा दे दिया। माना जा रहा है उनकी गिरफ्तारी भी की जा सकती है। वहीं घोटाले का खुलासा होते ही जांच के केंद्र में आया विशुन राय कालेज का संचालक बच्चा राय भी फरार हो गया।
मामले में गठित की गई एसआईटी ने मंगलवार रात हाजीपुर के विशुन राय कालेज में छापा मारा। हालांकि कालेज का संचालक बच्चा राय तो पुलिस के हाथ नहीं चढ़ सका, लेकिन वहां से काफी साक्ष्य बरामद किए गए हैं। वहीं पुलिस ने दो साल पहले टॉप करने वाली उसकी बेटी और इसी कालेज की छात्रा शालिनी राय का नाम भी एफआईआर में शामिल कर लिया है।
पुलिस का मानना है कि टॉपर बनाने का बड़ा खेल इसी कालेज के द्वारा चलता था, जिसमें बोर्ड के अधिकारी भी शामिल रहते थे। पुलिस ने बच्चा राय के अलावा कालेज की प्रधानाचार्य का नाम भी एफआईआर में शामिल किया है।