शराबबंदी वाले बिहार में एक युवक को शराब पिलाकर छत से फेंकने का आरोप लगाकर लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों का कहना था कि युवक को पहले जमकर शराब पिलाई गई और फिर उसे छत से फेंककर उसकी हत्या कर दी गई। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगभग दो घंटे तक एनएच 31 को जाम रखा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और फिर जाम को हटवाया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।
परिजनों ने कहा इन्ही लोगों ने शराब पिलाकर की है हत्या
मामला भागलपुर जिला के नवगछिया क्षेत्र अंतर्गत एनएच 31 स्थित प्रेसीडेंसी स्कूल के पास की है। मृतक की पहचान नवादा मिल्की निवासी योगी यादव के पुत्र कुंदन यादव के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को मंगलवार की सुबह दी। मौत की खबर सुनकर परिजन आननफानन में घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि कुंदन कुमार की लाश जमीन पर पड़ी हुई है। मृतक कुंदन कुमार के छोटे भाई छोटू यादव का कहना है कि जिस बिल्डिंग से मेरा भाई गिरा है उस मकान में 3-4 और युवक रहते हैं। छोटू यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस मकान में रह रहे श्रवण यादव के अलावे अन्य चार लोगों ने मिलकर हमारे भाई को शराब पिलाकर मार डाला है। परिजनों का कहना है कि कुंदन यादव गाड़ी चला कर अपने परिवार का जीवन यापन करता था। उसकी पत्नी प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका थी।
लोगों ने किया सड़क जाम
इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने एनएच 31 को दो घंटे तक जाम रखा। लोगों का कहना था कि जबतक हत्यारे की गिरफ्तारी नहीं की जाएगी जब तक तब तक सड़क जाम नहीं खत्म करेंगे। लेकिन पुलिस के समझाने पर लोगों ने दो घंटे के बाद जाम हटा दिया।
फॉरेंसिक टीम और सीसीटीवी कैमरे से हो रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि मृतक छत से गिर गया है या उसे फेंका गया है, शराब के नशे में था या नहीं यह जांच का विषय है लेकिन प्रथम दृष्टि से यह ज्ञात हो रहा है कि मृतक कुंदन यादव का शव 2 मंजिला इमारत से नीचे गिरा है।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि पुलिस बहुत जल्द अपराधियों को पकड़ कर कानून सम्मत कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस ने शव को अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है।