भोजपुर में एक बार फिर पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया जब पुलिसकर्मी अंचल कर्मियों के साथ सड़क का अतिक्रमण हटाने गए थे। उसी दौरान अतिक्रमणकारियों ने अचानक पुलिस टीम और अंचल कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में महिला समेत दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। फिलहाल उन घायल पुलिसकर्मियों का आरा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सड़क निर्माण को लेकर अतिक्रमण हटाने गई थी पुलिस
मामला आरा सदर प्रखंड के बभनौली गांव का है जहां सड़क निर्माण को लेकर सदर अंचलाधिकारी, अंचल कर्मी और मुफ्फसिल थाना की पुलिस टीम अतिक्रमण हटाने गए थे। वहां पहुंचते कर अतिक्रमण हटाने का काम शुरू हुआ। इसी बीच अतिक्रमणकारियों ने अचानक ईट पत्थरों से पुलिस टीम व कर्मियों पर हमला करने लगे । स्थिति ऐसी हो गई कि कुछ समय के लिए पुलिसकर्मियों और अंचल कर्मियों को पीछे हटना पड़ा। पुलिस पदाधिकारी ने घटना की जानकारी वरीय पदाधिकारी को देकर अतिरिक्त पुलिसबल की मांग की।
आधा दर्जन लोग गिरफ्तार
घटना की जानकारी जैसे ही जिले के वरीय अधिकारियों को मिली, भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची और अतिक्रमणकारियों को खदेड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया।