बिहार में 25 मई तक के लिए बढ़ाया गया लॉकडाउन
- फोटो : अमर उजाला
बिहार से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सरकार ने अगले 10 दिनों के लिए लॉकडाउन की अवधि को बढ़ा दिया है। इसके तहत प्रदेश में पहले से जारी लॉकडाउन की अवधि 15 मई को समाप्त हो रही थी, लेकिन अब इसे 25 मई तक बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक ट्वीट के जरिये इस बात की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया ट्वीट
अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिखा, ‘राज्य में आज यानी बृहस्पतिवार को सहयोगी मंत्रीगण और पदाधिकारियों के साथ बिहार में लागू लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षा की गई। लॉकडाउन का सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। अत: बिहार में अगले 10 दिनों अर्थात 16 से 25 मई 2021 तक लॉकडाउन को विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है।’
लॉकडाउन सकारात्मक प्रभाव
उल्लेखनीय है कि बिहार में लॉकडाउन लगाए जाने के बाद कोरोना वायरस के प्रसार को काफी हद तक रोका जा सका है। करीब तीन हफ्ते के बाद राज्य में कोरोना के एक दिन में मिलने वाले नए मरीजों की संख्या 10 हजार से नीचे गई है। इसी के साथ कुल एक्टिव मरीजों की संख्या भी एक लाख से कम हो गई है। रिकवरी रेट में भी सुधार हुआ है, वहीं संक्रमण की दर भी घटी है।
सभी से हौसला बनाए रखने का कहा
बताते चलें कि मुख्यमंत्री ने कल यानी बुधवार (12 मई) को ही लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत दे दिए थे। उन्होंने कहा था, 'कोरोना महामारी से राहत पहुंचाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। जांच बढ़ी है और आधारभूत संरचना की व्यवस्था की गई है। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी दृढ़ इच्छाशक्ति, सकारात्मक सोच के साथ बिहारवासी कोरोना के खिलाफ इस जंग में सफल होंगे। हौसला और धैर्य बनाए रखें।'