राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने शायराना अंदाज में अपने ट्विटर अकांउट पर ट्वीट कर नीतीश कुमार को झांसाकुमार बताते हुए जनता की बेहाल स्थिति पर जवाब मांगा है।
तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार विकास की समीक्षा करने के पहले बताइये कि जनता के साथ जो वादे किए गए थे उनका क्या हुआ। उन्होंने किसानों की बेहाल हालत और युवाओं की बेरोजगारी की स्थिति का जिक्र करते हुए नीतीश को जनता के साथ विश्वासघात करने वाला बताया है।
#झाँसाकुमार जवाब दो
छिना किसान का बैल और हल
मज़दूर का तसला और कुदाल
मिट्टी-गिट्टी बंदी से जनता बेहाल
रो रहा ग़रीब हाथ में रुमाल
किसकी समीक्षा, कैसा विकास
घोटाले हो रहे बहुत विशाल
नज़दीकी इनके हुए मालोंमाल
जनादेश के डकैतों को नहीं कोई मलाल
वोट की चोट से जनता करेगी अब धमाल
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) December 13, 2017
समीक्षा-ऐ-विकास से पहले! बताओ
क्या हुआ हमारे ‘सात निश्चय’ का?
काहे भूले? हर घर नल का जल
कहाँ है?आर्थिक बल,युवाओं का हल
इसलिए कि अब संग है फूल कमल
टूटा तीर इसलिए पकड़ा गुलेल
दुर्लभ सीएम ऐसे मिलेंगे दुर्बल
पाला बदलते लगाते ना पल
हमेशा करते विश्वासघाती छल
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) December 13, 2017
पढ़ें- मोदी के सवाल पूछने पर भड़के तेजस्वी, जमकर निकाली भड़ास
गौरतलब है कि इससे पहले राजद नेता तेजस्वी यादव बिहार के मौजूदा उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी पर लगातार हमलावार रहे हैं। उनके और सुशील मोदी के बीच ट्वीटर जंग छिड़ी थी। तेजस्वी 10 दिसंबर को सुशील मोदी पर वार करते हुए कहा था कि "सुशील मोदी बतायें नीतीश जी ने उनकी पार्टी को 2013 में लात मार बाहर क्यों किया था? फिर मैं जवाब दूंगा। हम जमीर बेच आपकी तरह नीतीश वंदना नहीं करते। आपकी तरह हारे हुए व बेईज्जत होकर चोर दरवाज़े की राजनीति नहीं करते।"
असल में तेजस्वी यादव नीतीश कुमार के उस ट्वीट से भड़के हुए थे जिसमें सुशील मोदी ने तेजस्वी यादव पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि "तेजस्वी यादव बेनामी सम्पत्ति के बारे में न जांच एजेंसियों को जवाब दे पाये, न मुख्यमंत्री के साथ एकांत वार्ता में तथ्यपरक और बिंदुवार उत्तर दे पाये थे। 27 अगस्त की रैली में जनता को जवाब देने की बात भी सही साबित नहीं हुई। अब वे चार्जशीट दाखिल होने का इंतजार कर रहे हैं, पर जवाब..."।
असल में इन दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से ट्वीटर वार चला आ रहा है। बिहार में सत्ता से हटने के बाद तेजस्वी लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी पर निशाना साधते रहते हैं।