महिला पुलिस कर्मी (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : iStock
बिहार के सीतामढ़ी जिले के महिला पुलिस थाने में एक महिला फरियादी को डांटने का मामला सामने आया है। महिला थाना प्रभारी रेखा सिन्हा पर पीड़ित महिला को हड़काने का आरोप है। दरअसल, भासर मछहा गांव की रहने वाली पूजा भारती का पति बिना तालाक दिए दूसरी शादी कर ली। पूजा ने जब इसकी शिकायत महिला थाने में की तो थाना प्रभारी ने शिकायत सुनने के बजाए महिला को ही डांटना शुरू कर दी। महिला थाना प्रभारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें थाना प्रभारी फरियादी के साथ बैठकर पहले तो बात कर रही हैं, और फिर उसे डांट रही हैं। हालांकि अमर उजाला वेबसाइट इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती।
पीड़ित महिला ने सुनाई आपबीती
पीड़ित महिला का आरोप है कि 2009 में उसकी शादी विजय कुमार के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। एक की उम्र 9 साल है जबकी दूसरी की उम्र 7 साल है। पूजा के मुताबिक शादी के वक्त उसके परिवार वालों ने तीन लाख रुपए के गहने, कपड़े और सामान दिए थे। इसके अलावा एक लाख रुपए नकद दिए। इसके बावजूद ससुराल में दहेज के लिए आए दिन परेशान किया जा रहा था। यहां तक कि 2018 में ससुरालवालों ने जहर देकर मारने की भी कोशिश की। जिसकी वजह से कई दिनों तक अस्पताल में रहना पड़ा था। उसके बाद से पूजा अपने भाई के घर पर रह रही थी। पूजा का कहना है कि वह ये सब कई सालों से सह रही थी। लेकिन उसका पति विजय कुमार हाल ही में नेपाल की एक लड़की के साथ शादी कर ली।
उत्पीड़न की शिकायत लेकर पहुंची थी फरियादी
इतने सालों से उत्पीड़न सहने के बाद पूजा ने महिला थाने में शिकायत दर्ज करने का फैसला किया। थाना प्रभारी रेखा सिन्हा ने शिकायत दर्ज करने के बाद पूजा को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। लेकिन कुछ समय गुजरने के बाद आरोपी पर कार्रवाई नहीं हुई तो पूजा फिर से थाने का चक्कर लगाने लगी और थाना प्रभारी रेखा सिन्हा से न्याय की गुहार लगाई। आखिर में थाना प्रभारी रेखा सिन्हा पूजा पर भड़क गईं। इतना ही नहीं उसने पूजा को कहा क्या एक बात को लेकर रोज रोज आ जाती हो? इसके अलावा कुछ और काम नहीं है। माना कि उसने दूसरी शादी कर ली तो क्या उसे फांसी दे दी जाए। रेखा सिन्हा ने आगे कहा कि सीतामढ़ी जिले में आए दिन कई लड़कियां भी दूसरी शादी करती हैं, लड़के भी करते हैं। इसमें नया क्या है।