भादो महीने के मौके पर गुरुवार को पटना से बिहटा तक शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पटना सिटी से हजारों श्रद्धालु करीब 54 फीट लंबे विशाल कांवड़ के साथ लगभग 50 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर बिहटा पहुंचे। श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बिहटेश्वरनाथ मंदिर पहुंचा, जहां भक्तों ने भगवान शिव के दर्शन कर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की।
सुबह से ही पटना से बिहटा की ओर भगवा वस्त्रों में कांवड़ियों का कारवां नजर आया। हाथों में कांवड़ और जुबां पर भोलेनाथ का नाम लिए श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। रास्तेभर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। 54 फीट लंबा विशाल कांवड़ यात्रा का मुख्य आकर्षण बना रहा। इसे देखने के लिए सड़क किनारे कई जगह लोगों की भीड़ जुटी रही।
50 किलोमीटर पैदल सफर, चेहरे पर दिखा उत्साह
करीब 50 किलोमीटर की लंबी दूरी पैदल तय करने के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। महिला, पुरुष और युवाओं समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवर यात्रा में शामिल रहे। रास्ते में स्थानीय लोगों ने भी कांवरियों का स्वागत किया और उनके लिए पानी समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
पढ़ें: कभी एसटीएफ तो कभी आरपीएफ बनकर जमाता था रौब, चलती ट्रेन में यात्रियों को निशाना बनाने वाला गिरफ्तार
विशाल कांवड़ देखने उमड़ी भीड़
54 फीट लंबे कांवड़ को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। कांवर जैसे-जैसे बिहटा की ओर बढ़ता गया, उसे देखने के लिए लोगों की उत्सुकता भी बढ़ती गई। कई स्थानों पर स्थानीय लोग रुककर इस अनोखी कांवड़ यात्रा को देखते नजर आए। विशाल कांवड़ के साथ चल रहे श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय बना रहा।
बाबा बिहटेश्वरनाथ के दरबार में पूरी हुई यात्रा
लंबी पैदल यात्रा के बाद श्रद्धालु बिहटा स्थित बाबा बिहटेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने भगवान शिव के दर्शन किए और जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में भी भक्तों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा के दरबार तक पहुंचना उनके लिए आस्था और आध्यात्मिक संतोष का विषय है। पटना से बिहटा तक निकली यह विशाल कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक बनी। करीब 50 किलोमीटर के सफर के दौरान गूंजते हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया।