बांका जिले के इंग्लिश मोड़ शंभूगंज मुख्य मार्ग रामपुर मोड़ के समीप ट्रक-ऑटो की टक्कर में ऑटो चालक की घटना स्थल पर मौत हो गई। जबकि ऑटो पर सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी है। ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में जख्मी को अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
ऑटो चालक मृतक की पहचान अमरपुर प्रखंड अंतर्गत धन्नीचक गांव निवासी अरुण यादव के पुत्र सिंटू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, जख्मी की पहचान बांका जिला के शंभूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंथा घोषपुर गांव निवासी सूरज कुमार है। स्थानीय लोगों ने बताया कि भरको की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें ऑटो चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, ऑटो पर सवार फूल सजाने वाले कारीगर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आनन-फानन में अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर के द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर रेफर कर दिया गया।
मृतक के परिजन ने बताया, केंदुआर गांव शादी समारोह में सजावट के कार्य करने के लिए गया हुआ था। लौटने के क्रम में रामपुर मोड़ के समीप तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक की टक्कर से ऑटो चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों तरफ भारी वाहनों की जाम लग गई। वहीं, जाम करने वाले लोगों की मांग है कि मोड़ के समीप स्पीड ब्रेकर दिया जाए। घटनास्थल पर पहुंचे थाना अध्यक्ष विनोद कुमार यादव किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर जाम को छुड़वाया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया।