बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार उर्फ बंटी के नामांकन वापस लेने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जनसुराज के संस्थापक और पार्टी प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए इसे जनता के दबाव और भाजपा की घबराहट का नतीजा बताया। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर में इस बार जनता ने भाजपा को हराने का मन बना लिया है। प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि जनबल के आगे कोई बल नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक भाजपा दूसरी पार्टियों के उम्मीदवारों पर केंद्रीय एजेंसियों का दबाव बनाकर, खरीद-फरोख्त या अन्य तरीकों से उम्मीदवार बदलवाने का काम करती रही है, लेकिन इस बार हालात ऐसे बने कि भाजपा का अपना ही उम्मीदवार मैदान छोड़ गया।
अब भाजपा को उम्मीदवार तक नहीं मिल रहा
उन्होंने कहा कि भाजपा बांकीपुर को अपना सबसे मजबूत गढ़ बताती रही, लेकिन अब पार्टी को उम्मीदवार तक नहीं मिल रहा है। उनके अनुसार, पहले घोषित प्रत्याशी के हटने के बाद भाजपा को नया उम्मीदवार उतारना पड़ा, जो यह दर्शाता है कि पार्टी दबाव में है। प्रशांत किशोर ने दावा किया कि तीन अगस्त को होने वाले मतदान में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
बांकीपुर की जनता से डर गई भाजपा
भाजपा के उनके नाम से डरने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा हमसे क्यों डरेगी? हम तो मुखिया भी नहीं हैं। इनके तो प्रधानमंत्री भी हैं, गृहमंत्री भी हैं, मुख्यमंत्री भी हैं, 80% भारत पर इन लोगों का राज है। हमारी तो क्या बिसात है। लेकिन, यहां की जनता से डर गए, इस घबराहट से डरे हैं कि जिस बाकीपुर को अपना किला बता रहे थे, अहंकार में भाजपा के लोग कह रहे थे कि कुत्ता-बिल्ली को भी खड़ा करेंगे तो बाकीपुर की जनता हमें ही वोट देगी, आज वहां पर उम्मीदवार नहीं मिल रहा है, उम्मीदवार बदला जा रहा है। अब खड़ा कीजिए जिसको खड़ा करना है, जनता ने इसको इस बार अपने आन-शान पर ले लिया है। अब पता चलेगा कि आप किसी को खड़ा कीजिए, जनता इस बार वोट आपको नहीं देगी। भाजपा बांकीपुर की जनता से डर गई है।
Bihar Election: राजद ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए पूछ लिया बड़ा सवाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष पर भी कर दी टिप्पणी
भाजपा के कई नेताओं की सच्चाई जनता के सामने आएगी
प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि यदि भाजपा नेताओं का यह कहना है कि उनके द्वारा पोल खोलने की आशंका के कारण उम्मीदवार बदला गया, तो इसका मतलब है कि भाजपा खुद मान रही है कि उसके पहले उम्मीदवार को लेकर सवाल थे। उन्होंने कहा कि हमलोगों ने सम्राट चौधरी का पोल खुला, दिलीप जायसवाल का पोल खुला, अशोक चौधरी का पोल खुला, मंगल पांडे का पोल खुला, यह जितने भ्रष्ट और गलत लोग हैं पोल उनका खुलेगा। तो अगर उम्मीदवार उन्होंने खड़ा किया और इस डर से वापस लिया है कि इनका पोल खुलने वाला है, तो आप समझ लीजिए कि भाजपा वाले कितना डरे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार और अन्य मामलों में भाजपा के कई नेताओं की सच्चाई जनता के सामने आएगी।