इस बाइक पर सवार थे तीन युवक जिसमें दो की हुई मौत
- फोटो : अमर उजाला
बेगूसराय में पिकअप वैन ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक को कुचल डाला, जिसमें दो युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीसरे युवक को हल्की चोट आई है। चिकित्सक का कहना है कि तीसरा युवक अब ठीक है। घटना तेघरा थाना क्षेत्र के नयानगर दुलारपुर स्थित एनएच 28 के समीप की है। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर प्रखंड अंतर्गत शेरपुर गांव निवासी गर्भू राय के पुत्र विकास कुमार (26) एवं नन्हू राय के पुत्र अमित कुमार (19) के रूप में की गई है।
ढलाई के काम में 9 मजदूर गये थे तेघड़ा
घटना के संबंध में तीसरे युवक संजीव ने बताया कि हमलोग कुल 9 आदमी दो दिन पहले तेघड़ा थाना क्षेत्र के गौरा गांव में मकान की ढलाई करने गये थे। विकास हमलोगों का ठीकेदार था और उसी के कहने पर हमलोग मिक्सचर लेकर मजदूरी करने वहां गये थे। आज काम समाप्त होने पर मिक्सचर सहित ढलाई के अन्य सामान के साथ ट्रेक्टर से 6 आदमी घर लौट गये। ठीकेदार विकास कुमार ने मुझे और अमित को रोक लिया। सब के निकलने के बाद मैं, विकास और अमित वहां से चले।
दुलारपुर में पिकअप भान से हुई टक्कर
संजीव ने बताया कि हमलोग गौड़ा से अपने घर जा रहे थे, तभी नयानगर दुलारपुर के पास एनएच 28 पर सामने से आ रहे एक अनियंत्रित पिकअप वैन से बाइक टकरा गयी। इस घटना में अमित और विकास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के द्वारा घटना की सूचना देने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को उठाकर अस्पताल भेज दिया।
हादसा होने की यह थी असली वजह
संजीव ने बताया कि हमलोग परसों ढलाई करने वहां गए थे। दो दिन से लगातार काम हो रहा था जिस वजह से हमलोग सोये नहीं थे। विकास बाइक चला रहा था और मैं सबसे पीछे बैठा था। बाइक स्पीड में थी। दो दिन से जगे होने और लगातार काम करने की थकान होने की वजह से विकास को नींद भी आ रही थी। इसलिए बाइक चलाने के कर्म में बार-बार उसे झपकी भी आ रही थी। इसी दौरान अचानक सामने से पिकअप वैन को देख इसका संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी से टकरा गया जिसमें विकास और अमित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। संजीव ने यह भी बताया कि विकास ने हेलमेट नहीं पहना था।