पटना में गुरुवार को दानापुर थाने की सगुना मोड़ स्थित चौकी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना भयानक रूप ले लिया कि सामान निकालने के लिए कोई अंदर नहीं जा सका। पुलिसकर्मियों ने तुरंत घटना की सूचना अग्निशमन को दी। पुलिस चौकी में अगलगी की जानकारी मिलते ही अग्निशमन की गाड़ियांघटनास्थल की ओर निकल गयीं लेकिन जबतक गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची, तबतक सबकुछ जलकर राख हो चूका था।
5 रायफल और सैकड़ों कारतूस जले
घटना के संबंध में पुलिसकर्मियों का कहना है कि दोपहर को दानापुर के सगुना मोड़ स्थित पुलिस चौकी के एक कोने से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं निकलते देख चौकी में उपस्थित पुलिस कर्मी उधर दौड़े लेकिन देखते ही देखते आग ने प्रचंड रूप धारण कर लिया और इससे पहले कि जवान अपने हथियार को अंदर से निकाल पाते, आग की लपटें काफी तेज हो गई। अगलगी होते ही पुलिस कर्मियों के बीच भगदड़ मच गई। इस अगलगी में 5 रायफल और सैकड़ों कारतूस जलकर बर्बाद हो गये।
पुलिस ने कहा- शॉर्ट सर्किट से लगी है आग
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंची और घंटो मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने पर सीटीएसपी पश्चिम राजेश कुमार, दानापुर के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव धीमान सहित थाना प्रभारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। दानापुर के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव भिमान ने बताया कि इस अगलगी में पुलिस के पांच राइफल और सैकड़ो गोलियां जलकर राख हो गयी। उन्होंने बताया कि पुलिस के कुछ सामग्री और पुलिस चौकी में रखे गए सोफा सेट सहित कई सामान जल गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।