Bihar Police: बिहार पुलिस में बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी है। हजारों पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारी मिलने से विभाग में कामकाज का तरीका बदल सकता है। इस फैसले से किसी को वर्दी में बड़ा ओहदा मिला है तो किसी के लिए तरक्की के नए रास्ते खुले हैं। जानिए किन पदों पर कितने अधिकारियों और कर्मचारियों को मिली है यह अहम जिम्मेदारी।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
बिहार पुलिस और गृह विभाग में बड़े पैमाने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोन्नति दी गई है। एक अप्रैल 2026 से अब तक विभिन्न संवर्गों के कुल 9,187 अधिकारियों और कर्मियों को कार्यकारी प्रभार (प्रोन्नति) सौंपा गया है। सरकार की इस पहल से पुलिस विभाग में जिम्मेदारियों का नए सिरे से बंटवारा होगा। साथ ही, अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने अनुभव और कार्यक्षमता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रोन्नति से अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा। नई जिम्मेदारियों के साथ पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्था के कामकाज में तेजी आएगी। इससे विभाग में नेतृत्व क्षमता विकसित होने के साथ अन्य कर्मियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
विज्ञापन
गृह विभाग की ओर से बताया गया कि सबसे अधिक 6,800 सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर कार्यकारी प्रभार दिया गया है। इसके अलावा पीटीसी से 1,545 कर्मियों को सहायक अवर निरीक्षक और एसएलसी से 79 कर्मियों को हवलदार के पद पर प्रोन्नति मिली है। पुलिस अवर निरीक्षक से पुलिस निरीक्षक के पद पर एक और पुलिस निरीक्षक से डीएसपी के पद पर 88 अधिकारियों को कार्यकारी प्रभार सौंपा गया है।
परिवहन और तकनीकी संवर्ग में भी मिली प्रोन्नति
परिवहन संवर्ग में चालक हवलदार के पद पर 218, सहायक अवर निरीक्षक (परिवहन) के पद पर 107, पुलिस अवर निरीक्षक (परिवहन) के पद पर 45 और पुलिस निरीक्षक (परिवहन) के पद पर 31 कर्मियों को प्रोन्नति दी गई है। वहीं, प्रा.अ.नि. से प्रा.पु.नि. के पद पर 112, आशु स.अ.नि. से आशु अ.नि. के पद पर 103 और आयुधिक हवलदार से आयुधिक अवर निरीक्षक के पद पर 50 कर्मियों को कार्यकारी प्रभार दिया गया है।
विज्ञापन
लिपिकीय और कार्यालय संवर्ग के कर्मियों को भी लाभ
गृह विभाग के अनुसार, लिपिकीय और कार्यालय संवर्ग के कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। इसके तहत दो निम्नवर्गीय लिपिकों को उच्चवर्गीय लिपिक, एक उच्चवर्गीय लिपिक को प्रधान लिपिक और पांच कार्यालय परिचारियों को निम्नवर्गीय लिपिक के पद पर प्रोन्नति दी गई है।