अस्पताल में जांच करते डॉक्टर
- फोटो : अमर उजाला
गश्ती वाहन से कूदकर बचाने के लिए गया था जवान
घटना वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के सराय बाजार स्थित सेंट्रल बैंक के पास की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लोग बैंक से रुपया निकालकर अपने घर जा रहे थे। तभी सूरज चौक के पास चार अपराधी बैंक से बाहर निकलने वाले लोगों को लूट रहे थे। उस समय पुलिस गश्ती की गाड़ी गुजर रही थी। इस दौरान पुलिस गाड़ी में बैठा एक पुलिसकर्मी अमिता बच्चन लूटपाट होते देख गाड़ी से कूदकर उसे बचाने के लिए दौड़ा। वहां पहुंचकर अमिता बच्चन ने इस घटना का विरोध किया जो अपराधियों को नागवार गुजरा। अपराधी अमिता बच्चन से ही उलझ गये और उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। लोगों ने बताया कि अपराधियों ने चार गोली चलाई थी जिसमें तीन गोली सीने में लगी है। गोली लगते ही अमिता बच्चन जमीन पर गिर पड़ा और अपराधी भागने लगे।
घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल ले जाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय लोगों ने खदेड़कर दो अपराधियों को पकड़ा
फायरिंग होते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गये और भागते हुए अपराधियों को खदेड़ने लगे। पकड़ लिए जाने के डर से चारों अपराधी भाग रहे थे लेकिन घटनास्थल पर मौजूद भीड़ और पुलिस गश्ती के अन्य सिपाहियों ने खदेड़कर भागते हुए दो अपराधियों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य अपराधी मौके से फरार हो गये। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।