सिपाही भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े में EOU का बड़ा एक्शन
- फोटो : अमर उजाला
पटना में आर्थिक अपराध इकाई ने 2023 की सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। ईओयू ने बुधवार को नालंदा के लहेरी थाना कांड संख्या 611/23 में पटना जिले के सिगौड़ी थाना क्षेत्र निवासी श्रवण कुमार (25) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
मामला 1 अक्तूबर 2023 को आयोजित केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) की लिखित परीक्षा से जुड़ा है। बिहारशरीफ के आवासीय मॉडल मध्य विद्यालय, भैंसासुर परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान परीक्षार्थी धनंजय कुमार को पकड़ा गया था। उसके प्रवेश पत्र पर लगी तस्वीर उसके आधार कार्ड और चेहरे से मेल नहीं खा रही थी। साथ ही, उसके पास ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुआ था।
ईओयू के अनुसार, श्रवण कुमार ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने परिचित सेटर नीरज के माध्यम से धनंजय को नौ लाख रुपये में परीक्षा पास कराने की सेटिंग कराई थी। प्रवेश पत्र पर दूसरे स्कॉलर की तस्वीर लगाई गई थी। स्कॉलर के परीक्षा देने नहीं पहुंचने पर धनंजय को ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराया गया। धनंजय से फोन-पे के जरिए 20 हजार रुपये लेने और उसमें से कुछ राशि नीरज को देने की बात भी श्रवण ने बताई।