पटना से लापता नीतीश का शव वैशाली में मिला
- फोटो : अमर उजाला
पटना में तीन दिन से लापता युवक का शव वैशाली जिले के एक खेत से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान पटना सिटी के रिकाबगंज मोहल्ला निवासी चंद्रिका साव के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में की गई है। नीतीश कुमार का शव वैशाली जिला के राघोपुर प्रखंड स्थित मल्लिकपुर के खेत से बरामद हुआ है। परिजनों का आरोप है कि नीतीश के दोस्तों ने ही मिलकर उसकी हत्या कर दी है। इस घटना से आक्रोशित होकर स्थानीय लोगों ने चेकपोस्ट स्थित स्टेट हाइवे को जाम कर जमकर हंगामा किया
क्या कहते हैं परिजन
परिजनों के अनुसार रिकाबगंज मोहल्ला निवासी चंद्रिका साव का पुत्र नीतीश कुमार अपने पड़ोसी पंकज कुमार के साथ 7 मार्च को घर से निकला था। लेकिन घर से निकलने के बाद वह वापस घर नहीं लौटा। देर रात तक जब वह घर नहीं आया तब परिवार के लोग उसकी खोजबीन करने लगे। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं कोई अतापता नहीं चल पाया। तब थक-हार कर परिवार के लोगों ने मालसलामी थाने में पंकज कुमार को आरोपित करते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया
वैशाली से शव बरामद
अब वैशाली जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर प्रखंड स्थित मल्लिकपुर के खेत से नीतीश कुमार का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद उसकी पहचान के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। शव मिलने की सूचना मिलने पर परिजन वैशाली पहुंचे और उन्होंने शव की पहचान नीतीश कुमार के रूप में की। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और फिर शव को परिजनों को सौंप दिया।
सड़क जाम कर जमकर किया हंगामा
शव मिलने के बाद परिजन भड़क उठे। आक्रोशित लोगों ने शव को बीच सड़क पर रखकर जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि पुलिस प्रशासन हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करे।
परिजनों ने दोस्तों पर लगाए इल्जाम
मृतक नीतीश कुमार के चाचा विकास कुमार और छोटे भाई अभिषेक कुमार कम कहना है कि उसके पड़ोसी पंकज कुमार और उसके दोस्तों ने ही नीतीश कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी है।
क्या कहती है पुलिस
मालसलामी थाना के एस.आई मोहम्मद मेराज खान ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हत्या का क्या कारण है यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।