पटना: घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
Bihar News In Hindi : गंगा नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई है। यह घटना बिहार के पटना जिले के मनेर क्षेत्र अंतर्गत घटी है। मिली जानकारी के अनुसार, सावन माह के समापन अवसर पर युवक रोहित कुमार (18) मुंजी टोला दुधेला पुल के पास जल लेने आया था। इस बीच वो नदी में डूब गया। अपने दोस्तों के साथ आया युवक बिहटा का रहने वाला है। रविवार को मृतक युवक के शव को एसडीआरएफ के सहयोग से बरामद किया गया। शव मिलते ही परिवार वालों के बीच माहौल गमगीन हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल दानापुर भेज दिया है। वहीं, घटनास्थल पर काफी संख्या में बिहटा और मनेर के लोगों की भीड़ जुटी रही।
भाजपा नेताओं ने व्यक्त किया शोक
घटना की जानकारी मृतक के परिवार वालों और दोस्तों को मिली, तो लोगों की घटना स्थल पर भीड़ जुट गई। एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बरामद कर लिया है। मृतक का शव मिलते ही परिवार वालों के बीच कोहराम मच गया। पूर्व सांसद रामकृपाल यादव और पूर्व विधायक श्रीकांत निराला समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम प्रकाश यादव ने परिवार वालों से मिलकर संवेदना प्रकट की है। घटना पर शोक जताया है।