गया से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। संपत्ति लूटने की नीयत से घर घुसे अपराधियों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया है। इतना ही नहीं दुष्कर्म की घटना का दूसरे अपराधियों ने वीडियो भी बना लिया। महिला की हालत गंभीर है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया है। इधर, घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मदद से महिला को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई। घटना गया जिले के परैया इलाके की है।
अपराधियों की तलाश में छापेमारी
स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार देर रात कुछ अपराधी घर में डकैती की वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। महिला ने विरोध किया तो एक अपराधी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला चीखती चिल्लाती रही लेकिन उसने एक नहीं सुनी। दूसरे अपराधी उसका वीडियो बनाने लगे। महिला द्वारा हो-हल्ला मचाने के बाद दोनों अपराधी फरार हो गए। वहीं लोगों ने डायल 112 की पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। साथ ही पीड़िता की जांच के लिए गया शहर के प्रभावती अस्पताल भेज दिया गया। जहां जांच के बाद महिला थाना की पुलिस पीड़िता से घटना की जानकारी ली। पीड़िता के बयान पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं गांव में जमीनी विवाद से मामले को जोड़ कर देख रहे हैं।
बयान के आधार होगी आगे की कार्रवाई
इस संबंध में परैया थानाध्यक्ष सर्वनारायण सिंह ने बताया कि एक महिला के साथ गलत करने का मामला आया है। हालांकि उन्होंने लूट-पाट की घटना से इनकार किया। उन्होंने कहा कि बीती रात्रि ही पीड़िता की जांच के लिए गया शहर के प्रभावती अस्पताल भेजा गया है। जहां जांच के बाद महिला थाना की पुलिस पीड़िता से बयान लेने पहुंची है। परैया थाना से भी पुलिस भेजे गए हैं। बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।