जिले के करपुरी ग्राम थाना क्षेत्र के सिंधिया खुर्द गांव में एक 20 वर्षीय नवविवाहिता की ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हैं। मृतका की पहचान वैशाली जिले के महुआ छतरवारा निवासी पप्पू राय की पुत्री अन्नू कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी नवंबर 2024 में सिंधिया खुर्द गांव निवासी मनोज राय के पुत्र विक्की कुमार (24) के साथ हुई थी।
मृतका के पिता पप्पू राय ने बताया कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार बेटी की शादी में दान-दहेज दिया था। बावजूद इसके शादी के कुछ समय बाद से ही दामाद विक्की कुमार बेटी पर दुकान खोलने के लिए 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर दबाव बना रहा था।
ये भी पढ़ें: Bihar News: सरकारी गाड़ी ने बुजुर्ग को कुचला, मौत के बाद ग्रामीणों ने जमकर किया हंगामा; यह मांग कर रहे
शनिवार को परिजनों को फोन पर सूचना मिली कि अन्नू की मौत हो गई है। जब परिजन सिंधिया खुर्द गांव पहुंचे, तो ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो चुके थे और मृतका का शव घर में जमीन पर पड़ा हुआ था। परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव के सरपंच, मुखिया पुत्र और अन्य लोगों ने उन्हें हथियार के बल पर घर में बंद कर दिया और बाहर नहीं निकलने दिया। किसी तरह सूचना करपुरीग्राम थाना पुलिस तक पहुंची। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा खुलवाया और परिजनों को बाहर निकाला। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया है। मृतका के भाई सत्यम कुमार ने कहा कि सिर्फ 10 लाख रुपये के दहेज की खातिर उनकी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
करपुरी ग्राम थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अभी तक मृतका के परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।