पटना में सड़क पार करने के दौरान एक महिला अज्ञात वाहन की चपेट में आई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने आननफानन में उस महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर बाजार समिति के पास की है। महिला की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीण और परिवार वालों ने शव को सड़क पर रखकर आगजनी करते हुए मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। विरोध कर रहे लोग गाड़ी के ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई व मुआवजे की मांग करते हुए डटे रहे। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस से लोगों को समझाने बुझाने के लिए जुटी रही। सड़क जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार काफी देर तक लगी रही।
यह खबर भी पढ़ें -Bihar : हरियाणा में बिहार के एक शख्स ने अपने बच्चों के साथ ट्रेन से कटकर दे दी जान, परिजनों ने बताई वजह
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि बिहटा के राघोपुर गांव में किराए के मकान में रह रहे विनोद श्रीवास्तव की पत्नी निधि कुमारी (30) किसी काम को लेकर बाजार गई थी। इस बीच राघोपुर बाजार समिति के पास निधि सड़क पार करने लगी। तभी तेज रफ्तार से जा रहे एक अज्ञात वाहन ने निधि को जोरदार टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में घायल हुई महिला को स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने घायल महिला को उचित इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। जिसकी कुछ देर में ही इलाज के दौरान पटना के पीएमसीएच में मौत हो गई।
यह खबर भी पढ़ें -Bihar: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार लोगों को कुचला, दो की हालत गंभीर; गुस्साए लोगों ने गाड़ी में लगाई आग
महिला की मौत की घटना की जानकारी मिलते ही लोग आक्रोशित हो गए। दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने मृतका के शव को मुख्य सड़क पर रखकर आगजनी करने लगे। लोगों ने विरोध करते हुए सड़क को जाम कर दिया। विरोध कर रहे लोगो ने पुलिस प्रशासन से ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही परिजनों को मुआवजा देने की भी मांग की। सड़क जाम होने के कारण लोग घंटों परेशान रहे। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस से लोगों को समझाने बुझाने के लिए घंटो मशक्कत करती रही।
घटना के संबंध में बिहटा थाना अध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक महिला घायल हो गई थी। उसे इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। अब स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया है।