Bihar : वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वाल्मीकि आश्रम के दर्शन पर जिला प्रशासन ने फिलहाल प्रतिबंध लगा दिया है। वन विभाग का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण तमसा नदी और सोनहा नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है।
बेतिया के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वाल्मीकि आश्रम के दर्शन के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा, क्यों कि जिला प्रशासन ने किसी को भी वहां जाने पर रोक लगा दी है। प्रशासन का कहना है कि बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में वहां जाना खतरे से खाली नहीं है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अगले आदेश तक वहां जाने की मनाही कर दी है।
विज्ञापन
बढ़ रहे हैं नदियों के जल-स्तर
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण तमसा नदी और सोनहा नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। तमसा नदी और सोनहा नदी पार कर वाल्मीकि आश्रम दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालु दो बार फंस चुके हैं। इसलिए नदी को पार करना अब खतरे से खाली नहीं है। तमसा नदी में अचानक जल स्तर बढ़ने से 12 अगस्त को 69 श्रद्धालु नदी के बीच में फंस गये थे, जिसे एसएसबी और नेपाल एपीएफ पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर उन्हें वहां से निकाला था। फिर दूसरी बार 20 अगस्त को 10 श्रद्धालु नदी के बीच में फंस गए थे। एसएसबी जवानों ने काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर पानी से बाहर निकाला था। इसी को देखते हुए वन प्रशासन ऐसा कदम उठाते हुए दो पहिया और चार पहिया वाहनों के साथ-साथ पैदल जाने वाले लोगों को वाल्मीकि आश्रम जाने पर रोक लगा दिया है।
जल स्तर के सामान्य होने तक करना होगा इंतजार
वन विभाग ने पत्र जारी करते हुए स्पष्ट रूप से कहा है कि बाल्मीकि आश्रम जाने पर प्रतिबंध तब तक लागू रहेगा जब तक जलस्तर सामान्य नहीं हो जाता। इसके साथ ही प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील किया है कि वे आदेश का पालन करें और अपनी यात्रा को अगले आदेश तक रोकें, ताकि कोई अप्रिय घटना ना हो। फिलहाल जल स्तर के घटने का इंतज़ार करना पड़ेगा।