बिहार के मधेपुरा में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पश्चिम बंगाल के युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पूर्वी बाईपास रोड पर तेज रफ्तार वाहन ने 20 वर्षीय विश्वनाथ पाल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
मृतक विश्वनाथ पाल पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के करणदिघी का निवासी था और मधेपुरा में रहकर शौचालय रिंग निर्माण का कार्य करता था। वह कॉलेज चौक स्थित एक किराए के मकान में रहता था। रोज की तरह गुरुवार सुबह भी वह टहलने निकला था, लेकिन यह उसकी जिंदगी की आखिरी सुबह साबित हुई। जैसे ही वह पूर्वी बाईपास रोड पर पहुंचा, तेज गति से आ रहे एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि उसका शरीर कई टुकड़ों में बंट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके से भागा चालक
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक वाहन चालक फरार हो चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद करीब दोपहर 1 बजे परिवार के सदस्य मधेपुरा पहुंचे। युवक का शव देखते ही घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
सदर थाना पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को परिजनों को सौंप दिया। वहीं, दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रभारी थानाध्यक्ष इंद्रजीत तांती ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।